भगतपुर- थाना क्षेत्र के गांव टाह मदन निवासी लापता युवक का शव बुधवार को उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर थाना आईटीआई क्षेत्र अंतर्गत खाई खेड़ा के जंगल में वह रहे बरसाती नाले में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई।
यह खबर भी पढ़ें जालंधर : पता पूछने के बहाने 4 युवतियों ने युवक से किया दुष्कर्म https://jaihindmedia.in/egbe

आईटीआई थाना प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि बुधवार को जनपद मुरादाबाद के थाना भगतपुर-क्षेत्र के गांव टाह मदन निवासी रीना पत्नी सतीश कुमार ने पैगा चौकी पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि रविवार की रात उसका पति सतीश कुमार (32 वर्ष) पुत्र नन्हें गांव के तीन लड़कों गुड्डू पुत्र ननुआ, गौरव पुत्र कलुआ तथा ननुआ पुत्र खुशीराम के साथ ग्राम खाई खेड़ा थाना आईटीआई के एक बरसाती नाले से मछलियां पकड़ने के लिए गया था।

जब वह लोग देर रात तक घर नहीं आए तो हम लोगों ने वहां जाकर तलाश की तो उसके पति वहां नहीं मिला। रीना की सूचना पर चौकी प्रभारी द्वारा मंगलवार दोपहर में संबंधित घटनास्थल बरसाती नाले में जाकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की गई परंतु वहां कुछ नहीं मिला जिसके बाद सतीश की गुमशुदगी दर्ज की गई। बुधवार की सुबह ग्राम प्रधान खाईखेड़ा द्वारा उक्त बरसाती नाले में एक शव मिलने की सूचना पैगा चौकी पुलिस को दी गई। चौकी प्रभारी द्वारा परिजनों को मौके पर बुलाया गया और शव की पहचान कराने को कहा गया तब परिजनों ने उक्त शव की पहचान गुमशुदा सतीश कुमार के रुप मे की। पुलिस ने मृतक के शव को पंचनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हेतु सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। परिजनों ने बताया कि सतीश मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का लालन-पालन कर रहा था। मृतक सतीश के चार बच्चे हैं जिनमें दो लड़के व दो लड़कियां हैं। सतीश की मौत होने पर चारों बच्चों एवं पत्नी रीना का रो रोकर बुरा हाल है।
