Monday, March 16, 2026

जापानी एयरपोर्ट पर फटा द्वितीय विश्व युद्ध का बम, 80 से ज़्यादा फ्लाइट कैंसिल

by Desk
0 comments

दक्षिण पश्चिम जापान में बुधवार को एक स्थानीय एयरपोर्ट को अचानक से बंद करना पड़ा और बंद करने की वजह भी अलग थी. दरअसल रनवे के पास एक धमाका हुआ जिससे वहां अफरातफरी मच गई. बाद में पता चला कि यह एक भारी बम था जिसे दूसरे विश्व युद्ध के दौरान अमेरिका ने इस्तेमाल किया था.

इस धमाके के बाद एयरपोर्ट बंद करना पड़ा और 80 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं. जापानी परिवहन मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, मियाज़ाकी हवाई अड्डे ने अपने रनवे को बंद कर दिया, क्योंकि विस्फोट के कारण रनवे के बगल में टैक्सीवे के बीच सात मीटर (23 फीट) चौड़ा और एक मीटर (3.2 फीट) गहरा गड्ढा हो गया था.

अधिकारी ने बताया कि जापान ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स की एक बम निरोधक टीम को बाद में पता चला कि विस्फोट का कारण एक अमेरिकी बम था, जिसे जमीन की सतह के नीचे दबा हुआ था. यह शायद तब का था जब अमेरिका ने यहां हवाई हमले किए थे. 

स्थानीय प्रसारक एमआरटी के अनुसार, किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाइव कैम फुटेज में दिख रहा है कि विस्फोट से ठीक दो मिनट पहले एक हवाई जहाज पास में उतरा था. जापान के शीर्ष सरकारी प्रवक्ता योशिमासा हयाशी ने कहा कि रनवे बंद होने से 87 उड़ानें रोक दी गई हैं, लेकिन आगे किसी विस्फोट का खतरा नहीं है. गड्ढे को भरने के लिए मरम्मत कार्य गुरुवार सुबह तक पूरा कर लिया जाएगा.

क्यूशू द्वीप के दक्षिण-पूर्वी छोर पर स्थित, मियाज़ाकी हवाई अड्डा पहले द्वितीय विश्व युद्ध के अंत तक एक जापानी नौसेना का अड्डा था. यहां से सैकड़ों युवा “कामिकेज़” पायलट अपने अंतिम मिशन पर रवाना हुए थे. परिवहन मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि मियाज़ाकी हवाई अड्डे पर पहले भी कई बिना फटे बम पाए गए हैं.

अमेरिका और जापान के बीच युद्ध के 79 साल हो गए हैं लेकिन इतने साल बीत जाने के बावजूद आज भी जापान में कई जगहों पर बम पाए जाते हैं. जापानी सुरक्षाबलों के मुताबिक साल 2023 के दौरान ही 37.5 टन वजन वाले कुल 2,348 बमों को डिफ्यूज किया गया था.

The short URL of the present article is: https://jaihindmedia.in/m870

You may also like

Leave a Comment

जय हिन्द मीडिया एक द्विभाषिक समाचार पत्र है और जय हिन्द मीडिया समाचार पत्र, चैनल, ऑनलाइन पोर्टल व सभी सोशल मीडिया आदि प्रारूप में उपलब्ध है जो समाज में सूचना और समाचार साझा करता है तथा सार्वजनिक मुद्दों को निष्पक्ष और निर्भीक होकर उठाता है।

 

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?
-
00:00
00:00
Update Required Flash plugin
-
00:00
00:00